नगरीय निकाय चुनाव से पहले बड़ा उलटफेर, छुईखदान नपं में भाजपा के दो बार के अध्यक्ष रहे राजा गिरीराज किशोर दास कांग्रेस में शामिल

सैकड़ों समर्थकों के साथ संपत्निक पहुंचे थे रायपुर, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिलाया प्रवेश

खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा सहित पार्टी के नेताओं के नेतृत्व में हुआ गिरीराज का कांग्रेस प्रवेश
छुईखदान नगर पंचायत से गिरीराज की पत्नी नम्रता को मिल सकती है कांग्रेस अध्यक्ष प्रत्याशी की टिकट
भाजपा को बड़ा झटका, वर्तमान में जिला भाजपा के उपाध्यक्ष थे गिरीराज किशोर दास वैष्णव
भाजपा से वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख की बेटी व अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवनीत जैन की पत्नी को मिली है टिकट
गिरीराज सहित छुईखदान के कई भाजपा समर्थक श्रीमती शीतल जैन को टिकट मिलने से थे नाराज
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. नगरीय निकाय चुनाव के ठीक पहले जिले की राजनीति में एक बड़ा उलटफेर हुआ है। संभावनाओं के अनुरूप राजा गिरीराज किशोर दास वैष्णव ने सैकड़ों समर्थकों के साथ संपत्निक रायपुर में कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण कर ली है। बताया जा रहा है कि खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष गजेन्द्र ठाकरे, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकुमार पटेल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता नीलांबर वर्मा, मनराखन देवांगन, गुलशन तिवारी व गिरीराज के छोटे भाई देवराज किशोर दास वैष्णव के साथ गिरीराज ने पहले पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात की और कांग्रेस की विधिवत सदस्यता ग्रहण की है।
टिकट नहीं मिलने से भाजपा से नाराज चल रहे थे गिरीराज, उनके परिजन व समर्थक
दो दिनों से जिले के राजनीतिक हल्कों में इस बात की चर्चा जोरों पर थी कि गिरीराज की नाराजगी व भाजपा से इस्तीफा देने के बाद वे कांग्रेस प्रवेश कर सकते हैं और कांग्रेस पार्टी उनकी पत्नी रानी नम्रता दास वैष्णव को छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष की प्रत्याशी घोषित कर सकती है। बीते घटनाक्रम को लेकर बता दे कि दो बार के नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष राजा गिरीराज किशोर दास वैष्णव भाजपा से अपनी पत्नी रानी नम्रता दास वैष्णव के लिये टिकट की दावेदारी कर रहे थे। पार्टी में जिला भाजपा के उपाध्यक्ष होने व निर्विवाद वरिष्ठ नेता होने के बाद भी टिकट नहीं मिलने और भाजपा के वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख की बेटी व जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष नवनीत जैन की पत्नी श्रीमती शीतल जैन को भाजपा से अधिकृत अध्यक्ष प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद गिरीराज व उनका पूरा परिवार भाजपा संगठन से नाराज चल रहा था और इसी नाराजगी के बीच सबने कांग्रेस प्रवेश किया है।
कांग्रेस प्रवेश के लिये 2 बस व 35 चार पहिया वाहन से रायपुर पहुंचे थे गिरीराज समर्थक
कांग्रेस प्रवेश के लिये गिरीराज के समर्थक सोमवार को लाव लश्कर के साथ रायपुर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सैकड़ों की संख्या में अलग-अलग वाहनों से गिरीराज के समर्थक पहले रायपुर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी के राजीव भवन पहुंचे जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से सभी की मुलाकात हुई। 2 बस व 35 चार पहिया वाहन से रायपुर पहुंचे गिरीराज समर्थकों ने कांग्रेस प्रवेश के बाद जमकर आतिशबाजी भी की है और मिठाईयां बांटकर जश्न भी मनाया है। माना जा रहा है कि गिरीराज व उनके समर्थकों के बड़े पैमाने पर भाजपा छोड़ कांग्रेस प्रवेश कर जाने से भाजपा को बड़ा झटका लगा है। ज्ञात हो कि 5 दिन पहले तक छुईखदान में कांग्रेस की स्थिति कमजोर मानी जा रही थी और यहां के 15 वार्डों में जिताऊ पार्षद ढूंढने में भी कांग्रेस संगठन को मशक्कत कर पसीना बहाना पड़ रहा था लेकिन अब छुईखदान नगर पंचायत के मौजूदा हालात व राजनीतिक समीकरण कुछ अलग ही बन पड़ा है।