
नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय के लिए गौरव का क्षण

कहानी लेखन प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर किया प्रथम स्थान प्राप्त
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय खैरागढ़ की छात्रा ईशा खरे ने अपनी साहित्यिक प्रतिभा के बल पर महाविद्यालय का नाम राज्य स्तर पर गौरवान्वित किया है। बी.ए. तृतीय वर्ष की छात्रा ईशा खरे ने युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित कहानी लेखन प्रतियोगिता में ब्लॉक एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया। राज्य स्तरीय युवा महोत्सव का विगत दिनों बिलासपुर में आयोजन किया गया जिसमें प्रदेशभर से आए प्रतिभागियों ने विभिन्न साहित्यिक विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कहानी लेखन प्रतियोगिता इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित हुई जहां ईशा खरे ने अपनी सशक्त और प्रभावशाली प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इतना ही नहीं साहित्य की एक अन्य विधा पल्लव लेखन में भी ईशा खरे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का परिचय दिया। उनकी रचनाओं में जीवन के अनुभव, संघर्ष, सुख-दुख और आत्मानुभूत पीड़ा का सजीव एवं संवेदनशील चित्रण देखने को मिला जिसे निर्णायकों एवं साहित्यप्रेमियों ने सराहा। ईशा खरे की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.ओ.पी. गुप्ता ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ईशा की सफलता महाविद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है और उन्हें साहित्य लेखन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते रहना चाहिए। महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने भी ईशा को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की वहीं हिन्दी विभाग की अ. प्राध्यापक डॉ.मेधाविनी तुरे ने ईशा को कहानी लेखन के माध्यम से अपने अनुभवों को और अधिक सशक्त रूप में अभिव्यक्त करने के लिए प्रेरित किया। ईशा खरे की इस सफलता से न केवल नवीन शासकीय कन्या महाविद्यालय बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गौरव का वातावरण निर्मित हुआ है।