
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। नवीन शासकीय महाविद्यालय बाजार अतरिया में महिला सुरक्षा सम्मान और अधिकारों को लेकर एक दिवसीय जागरूकता व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ‘महिला लैंगिक उत्पीड़न एवं She-Box पोर्टल की उपयोगिता’ विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन प्राचार्य डॉ.जयती विश्वास के निर्देशन में महिला प्रकोष्ठ और आंतरिक शिकायत समिति के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं और महिला कर्मचारियों को कार्यस्थल पर होने वाले लैंगिक उत्पीड़न के प्रति सचेत करना तथा उन्हें उनके अधिकारों और कानूनी प्रावधानों की जानकारी देना रहा। मुख्य वक्ता डॉ. स्मृति कन्नौजे ने अपने संबोधन में बताया कि उत्पीड़न कई रूपों मानसिक शारीरिक और मौखिक में सामने आता है जिसे पहचानना और उसके खिलाफ आवाज उठाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की प्रताड़ना को नजरअंदाज न करें और उपलब्ध कानूनी विकल्पों का उपयोग करें। इसी क्रम में भारत सरकार के She-Box पोर्टल की जानकारी देते हुए बताया गया कि यह ऑनलाइन प्लेटफॉर्म महिलाओं को कार्यस्थल पर होने वाले यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज करने की सुविधा देता है। व्याख्यान में पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया पंजीकरण और शिकायत की स्थिति जानने के तरीकों को भी सरल भाषा में समझाया गया। साथ ही यह भी बताया गया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। जिससे महिलाएं बिना किसी डर के अपनी बात रख सकें।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में आभार प्रदर्शन किया गया और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
