
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को जिले में नशामुक्ति संकल्प एवं शपथ दिवस का आयोजन किया गया कार्यक्रम छत्तीसगढ़ शासन समाज कल्याण विभाग द्वारा जारी निर्देशों के तहत तथा कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। जिला कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कलेक्टर की उपस्थिति में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर एवं तैलचित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशे से होने वाले सामाजिक मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई साथ ही नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए सभी को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में जिला कार्यालय के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई गई। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों में भी इसी क्रम में नशामुक्ति शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत रानी रश्मि देवी महाविद्यालय खैरागढ़, महाविद्यालय छुईखदान, सल्हेवारा, जालबांधा, अतरिया तथा शासकीय कन्या विद्यालय खैरागढ़ में भी नशामुक्ति संकल्प कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर सुरेन्द्र कुमार ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर सुमन राज, समाज कल्याण विभाग के सहायक संचालक कमलेश कुमार पटेल सहित रामअवतार साहू, राकेश कुमार साहू, हेमंत टंडन एवं अनिल साहू सहित बड़ी संख्या में अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।