राज्यपाल के हाथों सम्मानित हुए खैरागढ़ जिले के स्काउट-गाइड एवं रोवर

खैरागढ़। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित वर्ष 2025 की राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा में सफलता हासिल करने वाले स्काउट्स, गाइड्स एवं रोवर्स को 29 अक्टूबर को लोकभवन में आयोजित गरिमामय समारोह में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के प्रतिभागियों ने भी अपनी प्रतिभा और उपलब्धि का परचम लहराया। राज्यपाल रमेन डेका के करकमलों से सफल प्रतिभागियों को सम्मान प्रदान किया गया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने की। इस अवसर पर राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह (आईएएस) एवं लोकभवन सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने स्काउट्स एवं गाइड्स को पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और वनों की सुरक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इन महत्वपूर्ण कार्यों को जनभागीदारी और स्काउट-गाइड के सहयोग से और प्रभावी बनाया जा सकता है। राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही हैं। उन्होंने युवाओं से प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने और समाज सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।

खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से जिला संगठन आयुक्त स्काउट धनुष सिंहा एवं जिला संगठन आयुक्त गाइड श्रीमती सरस्वती बांते के नेतृत्व में प्रतिभागियों ने समारोह में जिले का प्रतिनिधित्व किया। इनमें राज्यपाल स्काउट अमन कुमार साहू (सरस्वती शिशु मंदिर खैरागढ़), राज्यपाल गाइड कु. सोनाली जंघेल (शासकीय हाई स्कूल, ढडार, छुईखदान) एवं राज्यपाल रोवर अमित कुमार मंडावी (शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टोलागांव खैरागढ़) शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।विशेष उपलब्धि यह रही कि नए जिले के गठन के बाद पहली बार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के स्काउट्स, गाइड्स एवं रोवर्स को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि से जिले में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों से जुड़े बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह का माहौल है। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिली है। जिले में स्काउटिंग एवं गाइडिंग गतिविधियों को बेहतर और प्रभावी बनाने के लिए जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी उपेन्द्र कुमार देवांगन एवं अन्य पदाधिकारियों के मार्गदर्शन और दिशा-निर्देश में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले के प्रतिभागियों ने राज्य स्तर पर अपनी पहचान स्थापित की है। इस उपलब्धि पर जिले के समस्त पदाधिकारियों, स्काउटर एवं गाइडर ने सम्मानित प्रतिभागियों, उनके विद्यालयों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जिले के स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स एवं रेंजर्स भविष्य में भी अपनी प्रतिभा, अनुशासन, सेवा भावना और समर्पण के माध्यम से जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।

↑
Exit mobile version