ELC के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाने की पहल, निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे विद्यार्थी एवं युवा

कोरबा। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता को बढ़ावा देने और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम ठाकुर के निर्देशन में जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ELC) के माध्यम से निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।इस संबंध में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि 2 नवंबर से प्रारंभ होकर 20 नवंबर 2026 तक जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी स्कूलों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अंतर्गत पहले विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर, इसके बाद विधानसभा स्तर पर और अंत में जिला स्तर पर निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा।इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के महत्व से परिचित कराना है, ताकि वे जागरूक नागरिक के रूप में लोकतंत्र को मजबूत बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा सकें। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में भाग ले सकेंगे।निबंध प्रतियोगिता के लिए ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व’ एवं ‘मतदान का महत्व’ विषय निर्धारित किए गए हैं। वहीं क्विज प्रतियोगिता में मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM), वीवीपैट (VVPAT), मतदान प्रक्रिया तथा मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त होगी और उनमें लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता विकसित होगी।

सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी श्री सिंह ने बताया कि विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 5 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक संस्थान से चयनित दो उत्कृष्ट प्रतिभागियों को विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। विधानसभा स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 13 नवंबर तक आयोजित होंगी। इसके बाद चयनित प्रतिभागी 16 से 18 नवंबर तक कोरबा जिला मुख्यालय में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 10 शीर्ष छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं 20 नवंबर तक प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करने के साथ ही प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र जारी किए जाएंगे।

श्री सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों तथा हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों, ELC नोडल अधिकारियों एवं ELC कोऑर्डिनेटरों को निर्देशित किया गया है कि दीपावली अवकाश से पूर्व 5 नवंबर 2026 तक अपने-अपने संस्थानों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें।प्रतियोगिता संपन्न होने के बाद संस्थानों को संक्षिप्त प्रतिवेदन के साथ विजेता विद्यार्थियों के नाम, कक्षा, संस्था का नाम एवं मोबाइल नंबर की जानकारी भेजनी होगी। इसके अलावा आयोजन से संबंधित दो से तीन फोटोग्राफ अथवा शॉर्ट वीडियो क्लिप भी प्रेषित करने के निर्देश दिए गए हैं।विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं पूरी होने के बाद विधानसभा तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा, जिसकी विस्तृत सूचना पृथक से जारी की जाएगी।निर्वाचन जागरूकता की यह पहल विद्यार्थियों और युवाओं को मतदान के महत्व, मतदाता सूची की शुद्धता तथा निष्पक्ष निर्वाचन प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे युवा पीढ़ी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए एक मजबूत, जागरूक और सहभागी लोकतांत्रिक व्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी।

↑
Exit mobile version