KCGपॉलिटिक्स

महंगाई की मार से बिगड़ा रसोई का बजट, कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर दिखाई गांधीगिरी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। रोजमर्रा की जरूरत की खाद्य वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को खैरागढ़ में सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर चौक पर ‘चीनी सत्याग्रह’ किया गया। करीब एक घंटे चले प्रदर्शन में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की और केंद्र की मोदी तथा राज्य की साय सरकार से आवश्यक खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ का सामूहिक गायन कर गांधीवादी तरीके से विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी हाय-हाय’ और ‘साय सरकार मुर्दाबाद’ के नारे भी लगाए। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शक्कर सहित रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर आम आदमी की रसोई और घरेलू बजट पर पड़ रहा है। पहले से महंगाई का सामना कर रहे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए आवश्यक वस्तुओं के बढ़ते दाम अतिरिक्त आर्थिक दबाव पैदा कर रहे हैं। कांग्रेस ने सरकार से महंगाई पर प्रभावी नियंत्रण के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने कहा कि आम जनता पहले से ही महंगाई की मार झेल रही है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी और सरकार से महंगाई पर नियंत्रण की मांग करती रहेगी।

डोंगरगढ़ के पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता भुवनेश्वर बघेल ने कहा कि महंगाई आम परिवारों के लिए बड़ी चिंता का विषय बनती जा रही है। सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण के प्रभावी उपाय करने चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सत्याग्रह जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाने का माध्यम है और जनहित के मुद्दों पर पार्टी का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि शक्कर जैसी रोजमर्रा की जरूरत की वस्तु के दाम बढ़ने से इसका सीधा असर आम आदमी की रसोई पर पड़ता है। कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के साथ खड़े हैं और महंगाई समेत जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर कांग्रेस सड़क पर संघर्ष जारी रखेगी और सरकार पर आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए दबाव बनाएगी। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीलांबर वर्मा, जिला पंचायत सदस्य शताक्षी सिंह, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, वरिष्ठ कांग्रेस नेता पं.मिहिर झा, मोती लाल जंघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र ठाकरे, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज, खैरागढ़ ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिरमौर, छुईखदान ब्लॉक अध्यक्ष रामकुमार पटेल, पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, युवा कांग्रेस नेता डॉ.यशेस ठाकुर, नदीम मेमन, पुरन सारथी, किशन रजक, नरेंद्र सेन, अशोक साहू, नरेश वर्मा, भरत चंद्राकर, रिंकू महोबिया, रविंद्र सिंह गहरवार, हरि दर्शन, मनोहर सेन, सुमित जैन, शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page