
भक्ति, गौ सेवा और प्राकृतिक कृषि का मिला समन्वित संदेश
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। श्रद्धा, भक्ति और सेवा के त्रिवेणी संगम के रूप में मनोहर गौशाला खैरागढ़ में प्रभु पार्श्वनाथ भगवान के जन्म कल्याणक महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठानों के साथ गौ सेवा, जीव दया और प्राकृतिक कृषि के महत्व को रेखांकित किया गया। आयोजन ने न केवल आध्यात्मिक चेतना को जाग्रत किया बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सतत कृषि के प्रति सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश भी दिया।

पंचकल्याणक पूजा से भक्तिमय हुआ वातावरण
गौशाला में विराजित भगवान पार्श्वनाथ मंदिर में पारस पंचकल्याणक पूजा विधिवत संपन्न कराई गई। पूजा का सौभाग्य अलौकिक पारस पद्मावती मंडल को प्राप्त हुआ जिनके सान्निध्य में संपूर्ण परिसर भक्ति रस में सराबोर हो गया। इस अवसर पर मनोहर गौशाला का स्थापना दिवस भी श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया।
प्राकृतिक कृषि की दिशा में हो रहा शोध और प्रयोग
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय रायपुर के वैज्ञानिक डॉ.विवेक त्रिपाठी ने कहा कि विश्वविद्यालय के सहयोग से मनोहर गौशाला में गोमूत्र एवं गोबर आधारित अनुसंधान को आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे 35 से 40 प्रतिशत तक रासायनिक उर्वरकों की बचत संभव हो रही है। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक कृषि की दिशा में एक प्रभावी पहल बताया।

12 वर्षों से चल रही जीव दया गोष्ठी की परंपरा
मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ.अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने बताया कि गौशाला द्वारा निरंतर 12 वर्षों से जीव दया गोष्ठी आयोजित की जा रही है। इसमें देशभर से श्रद्धालु, गौ भक्तजन एवं संतजन भाग लेकर गौ सेवा और जीव दया का संदेश देते हैं। इस वर्ष आयोजन में लगभग 1200 श्रद्धालुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी सहभागिता भी रही। जीव दया गोष्ठी में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विसेसर पटेल रहे। विशेष अतिथियों में डॉ.लवली शर्मा कुलपति इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़, सुनील मान सिंगा सदस्य जीव-जंतु कल्याण बोर्ड (भारत सरकार), समाजसेवी मोहन चंद बैद, ओमप्रकाश बरलोटा, धर्मेंद्र जैन, अध्यक्ष जीतो कोलकाता, महेंद्र धारीवाल व राजेंद्र डाकलिया उपस्थित रहे।
भजन संध्या में भावविभोर हुए श्रद्धालु
कार्यक्रम की भजन संध्या ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। नमन-जैनम डाकलिया बंधुओं की मधुर भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूम उठे। रायपुर से लगभग 500 तीर्थ यात्रियों के साथ बरलोटा परिवार (ओमप्रकाश एवं राजेश कुमार बरलोटा परिवार) की सहभागिता आयोजन की विशेष शोभा बनी। कार्यक्रम का कुशल संचालन गगन बरडिया ने किया।
गौ सेवा रत्न अलंकरण से आईपीएस बंसल सम्मानित
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि के रूप में मनोहर गौशाला द्वारा प्रतिवर्ष प्रदत्त गौ सेवा रत्न अलंकरण इस वर्ष खैरागढ़ के पूर्व एसपी एवं आईपीएस अधिकारी त्रिलोक बंसल को प्रदान किया गया। उनकी निरंतर गौ सेवा, सेवाअणुव्रत और अनुशासित जीवनशैली के लिए उन्हें यह सम्मान देकर गौशाला परिवार ने स्वयं को गौरवान्वित बताया।