
सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। तपती गर्मी के बीच जहां आमजन राहत के लिए जूझ रहे हैं वहीं शासकीय उच्च माध्यमिक शाला अतरिया बाजार के स्काउट एवं गाइड के छात्र-छात्राओं ने सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। विद्यार्थियों ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा संचालित प्याऊ केंद्र पहुंचकर राहगीरों को ठंडा और स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया। इस दौरान छात्रों ने अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ सड़क से गुजरने वाले लोगों, मजदूरों, रिक्शा चालकों और अन्य नागरिकों को पानी पिलाकर उन्हें गर्मी से राहत दिलाई। उनका यह प्रयास सामाजिक दायित्व के प्रति जागरूकता और मानव सेवा की भावना को दर्शाता है। प्रभारी शिक्षिका मंजू ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस सेवा गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन सहयोग और समाज के प्रति कर्तव्यबोध विकसित करना रहा। उन्होंने बताया कि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को व्यावहारिक रूप से सेवा भाव से जोड़ने का प्रयास किया जाता है। प्याऊ केंद्र पर मौजूद लोगों ने भी छात्रों के इस सराहनीय कार्य की खुलकर प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। विद्यालय परिवार ने भी विद्यार्थियों की इस पहल को गर्व का विषय बताया। उल्लेखनीय है कि बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा विभिन्न स्थानों पर प्याऊ केंद्र संचालित किए जा रहे हैं ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। ऐसे में छात्रों का यह योगदान सकारात्मक संदेश देने वाला और अनुकरणीय पहल साबित हो रहा है।