KCG

डेंगू से बचने जिले में चलाया जायेगा जन-जागरूकता अभियान

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में डेंगू की रोकथाम और नियंत्रण के उद्देश्य से जुलाई डेंगू रोधी माह के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को डेंगू से बचाव के प्रति जागरूक कर रहा है। अभियान के दौरान नागरिकों को बताया जा रहा है कि डेंगू एडीज एजिप्टी मच्छर के काटने से फैलने वाला वायरल संक्रमण है। यह मच्छर दिन के समय अधिक सक्रिय रहता है और साफ पानी में पनपता है। इसलिए घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देना कूलर गमले टायर टंकियों सहित सभी जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करना तथा सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाना जरूरी है। स्वास्थ्य विभाग लोगों को डेंगू के लक्षणों की भी जानकारी दे रहा है। तेज बुखार, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में पीड़ा, त्वचा पर लाल चकत्ते, मतली, उल्टी अथवा रक्तस्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि डेंगू का कोई विशेष एंटीवायरल उपचार उपलब्ध नहीं है। मरीज को चिकित्सकीय सलाह पर पैरासिटामोल का उपयोग करना चाहिए तथा पर्याप्त मात्रा में पानी ओआरएस और अन्य तरल पदार्थ लेना चाहिए। वहीं एस्पिरिन आइबुप्रोफेन और डाइक्लोफेनाक जैसी दवाओं का सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करने की हिदायत दी गई है क्योंकि इससे रक्तस्राव की आशंका बढ़ सकती है। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन के नेतृत्व में जिले के सभी विकासखंडों में स्वास्थ्य विभाग की टीम पंचायत एवं ग्रामीण विकास महिला एवं बाल विकास शिक्षा तथा नगरीय प्रशासन विभाग के सहयोग से अभियान चला रही है। स्कूलों छात्रावासों ग्राम सभाओं घर-घर संपर्क स्वास्थ्य शिक्षा कार्यक्रमों रैलियों तथा पोस्टर-पंपलेट के माध्यम से लोगों तक डेंगू से बचाव का संदेश पहुंचाया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे हर रविवार-10 मिनट डेंगू पर वार अभियान में भागीदारी निभाते हुए अपने घर और आसपास जलभराव वाले स्थानों की नियमित जांच और सफाई करें ताकि मच्छरों के प्रजनन को रोका जा सके और जिले को डेंगू मुक्त बनाने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page