

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने चौपाल लगाकर सुनी समस्याएं
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बोईरडीह में प्रस्तावित बायोगैस प्लांट के विरोध में विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने ग्रामीणों के साथ चौपाल आयोजित कर उनकी समस्याओं और चिंताओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में बायोगैस प्लांट स्थापित किए जाने पर कड़ा विरोध जताते हुए पर्यावरण, स्वास्थ्य तथा कृषि पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव की आशंका व्यक्त की। विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि प्रस्तावित स्थल ग्रामीणों के मवेशियों के लिए गांव का एकमात्र चारागाह है। ऐसे में यहां बायोगैस प्लांट की स्थापना से ग्रामीणों की आजीविका और पशुपालन प्रभावित होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की भावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा और ग्राम पंचायत बोईरडीह में बायोगैस प्लांट स्थापित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि बायोगैस प्लांट के लिए किसी अन्य उपयुक्त स्थान का चयन करने की मांग शासन-प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखी जाएगी। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों के हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनकी आवाज को हर स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। चौपाल में भाजपा मंडल अध्यक्ष हरीश देशमुख, जनपद सदस्य मोहनीश धनकर, जनपद सदस्य शुभम पांडे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

