KCG

बिजली दर वृद्धि और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का आंदोलन शुरू, 2 अगस्त से घर-घर अभियान

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को छुईखदान में पत्रकार वार्ता आयोजित कर राज्य सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि 2 अगस्त से जिलेभर में घर-घर जाकर आम नागरिकों से आवेदन और विरोध पत्र भरवाए जाएंगे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कोमल दास साहू ने बताया कि कांग्रेस की मांग है कि बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी तत्काल वापस ली जाए स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकी जाए तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना दोबारा लागू की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर सभी जिलों में पत्रकार वार्ता के माध्यम से बिजली दर वृद्धि का विरोध दर्ज कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले दो माह तक कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर स्मार्ट मीटर हटाने और बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे। इसके बाद जिले के बिजली कार्यालयों का घेराव कर एकत्रित आवेदन सौंपे जाएंगे। आगे चलकर इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव किया जाएगा। खैरागढ़ विधायक यशोदा वर्मा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने जुलाई से घरेलू गैर-घरेलू और कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में बढ़ोतरी की है। उनका कहना था कि भाजपा सरकार बनने के बाद कई बार बिजली दरें बढ़ाई जा चुकी हैं जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि कई उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कई गुना अधिक बिजली बिल मिल रहे हैं और बिना सहमति अनुबंध भार क्षमता बढ़ाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। यशोदा वर्मा ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की सहमति के बिना सामान्य मीटर को स्मार्ट मीटर में बदलना उचित नहीं है। उन्होंने दावा किया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने से बिजली खपत अधिक दर्शाने और अतिरिक्त शुल्क वसूलने की शिकायतें मिल रही हैं। पत्रकार वार्ता में नीलाम्बर वर्मा, रामकुमार पटेल, संदीप सिरमौर, अरुण भारद्वाज, सज्जाक खान, सुदीप श्रीवास्तव, विजय वर्मा, देवराज, किशोर दास, भीखम छाजेड़, चंद्रेश यदु, हेमंत वैष्णव, कपिनाथ महोबिया, भीम महोबिया, इशू दुबे, केशव दास, शत्रुघ्न सिंह सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page