
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में बाहरी राज्यों से आकर निवास एवं काम करने वाले लोगों की पहचान और दस्तावेजों की जांच का अभियान पुलिस ने तेज कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने BBC राइस मिल पहुंचकर वहां कार्यरत अन्य राज्यों के श्रमिकों एवं कर्मचारियों का सत्यापन किया है। पुलिस ने जांच के दौरान श्रमिकों से उनके नाम, स्थायी व वर्तमान पते कार्यस्थल तथा अन्य व्यक्तिगत जानकारियां हासिल कीं। साथ ही आधार कार्ड सहित उपलब्ध पहचान दस्तावेजों का अवलोकन कर उनकी जानकारी का सत्यापन किया गया। पुलिस टीम ने राइस मिल प्रबंधन से भी बाहरी राज्यों से आने वाले कर्मचारियों और श्रमिकों की जानकारी तथा संबंधित अभिलेख उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों के अनुसार इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में बाहर से आकर रह रहे लोगों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ कानून-व्यवस्था और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वैध दस्तावेजों के साथ काम कर रहे श्रमिकों को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं दी जाएगी। वहीं दस्तावेजों में कमी या किसी प्रकार की संदिग्ध जानकारी सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से अपने यहां कार्यरत बाहरी राज्यों के कर्मचारियों और श्रमिकों का पहचान व पते का सत्यापन कराने की अपील की है। साथ ही आवश्यक जानकारी के लिए समाधान ऐप का उपयोग करने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने कहा गया है। पुलिस के मुताबिक जिले में बाहरी राज्यों से आए लोगों के दस्तावेजों और पहचान के सत्यापन की यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
