शिक्षा

बाल मैत्री कार्यक्रम से बच्चों में बढ़ा आत्मविश्वास, विद्यालय के प्रति रुचि हुई सुदृढ़

खैरागढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्कूल शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वाधान में परियोजना छुईखदान अंतर्गत “बाल मैत्री कार्यक्रम” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों के 4 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विद्यालयीन वातावरण से परिचित कराना तथा उनमें आत्मविश्वास, सहयोग और सामाजिक समायोजन की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम के तहत निर्धारित तिथि पर आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को निकटस्थ प्राथमिक शालाओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान बच्चों को विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया गया साथ ही कक्षा-1 के शिक्षक एवं विद्यार्थियों से उनका संवाद स्थापित कर उन्हें स्कूल के वातावरण से सहज रूप से जोड़ने का प्रयास किया गया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी एवं शाला के बच्चों के बीच संयुक्त रूप से खेल, कहानी, चित्रकला एवं समूह गतिविधियों जैसे रचनात्मक एवं मनोरंजक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों से बच्चों में सीखने के प्रति उत्साह बढ़ा तथा विद्यालय के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित हुआ। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए शिक्षकों द्वारा पूर्व तैयारी, गतिविधियों की सतत निगरानी एवं बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया गया वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के साथ रहकर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया। इसके अलावा अभिभावकों को भी इस पहल से जोड़ते हुए जागरूक किया गया। इस पहल के परिणामस्वरूप बच्चों में विद्यालय के प्रति सहजता, आत्मविश्वास एवं सहभागिता की भावना का विकास हुई जो प्रारंभिक शिक्षा के लिए एक अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायक सिद्ध होगा।परियोजना अधिकारी सुनील बंजारे ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बाल विकास एवं शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page