
सरोधी के चैतलाल मरावी बोले अब टपकती छत और कच्चे घर की चिंता खत्म
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम सरोधी में रहने वाले चैतलाल मरावी और उनकी पत्नी सुखयारिन बाई मरावी इसका उदाहरण हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने से जहां परिवार को सुरक्षित आशियाना मिला है वहीं महतारी वंदन योजना से घरेलू जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहारा भी मिल रहा है। चैतलाल मरावी ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के दिनों में छत टपकती थी और सर्दियों में ठंड से काफी परेशानी होती थी। हर मौसम अपने साथ नई मुश्किलें लेकर आता था। अब पक्का मकान बनने के बाद परिवार को राहत मिली है और सुरक्षित वातावरण में जीवनयापन संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने वर्षों पुराना सपना पूरा किया है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचने से लोगों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है। चैतलाल मरावी ने यह भी बताया कि उन्हें वन अधिकार पट्टे के तहत करीब दो एकड़ जमीन मिली है जिसमें धान सहित अन्य फसलों की खेती कर परिवार की आय बढ़ा रहे हैं। वहीं सुखयारिन बाई मरावी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2024 में आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से आवेदन किया था जिसके बाद उन्हें प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि मिल रही है। इस राशि का उपयोग घर के सामान्य खर्च और बच्चों की पढ़ाई में किया जा रहा है। परिवार ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की योजनाएं ग्रामीण महिलाओं और गरीब परिवारों के लिए मजबूती का आधार बन रही हैं।
