
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के सेवानिवृत्त शिक्षक एवं प्रख्यात तबला वादक रामनाथ सिंह का हृदयघात से निधन हो गया। उनके निधन से कला, संगीत और शिक्षा जगत में गहरा शोक व्याप्त है। स्व.रामनाथ सिंह का अंतिम संस्कार खैरागढ़ के लालपुर स्थित मुक्तिधाम में किया गया। वे शिक्षिका श्रावणी सिंह, शुभगनील सिंह (सोनू) एवं ऋषभ नील सिंह (मोनू) के पिता थे। अंतिम यात्रा में इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय के शिक्षक, कलाकार, संगीत प्रेमी एवं नगर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने मौन श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके विशाल कलाकार व्यक्तित्व, संगीत साधना एवं कृतित्व को स्मरण किया। रामनाथ सिंह ने अपने दीर्घ शिक्षण एवं कलात्मक जीवन में अनेक विद्यार्थियों को तबला वादन की बारीकियाँ सिखाईं और भारतीय शास्त्रीय संगीत की परंपरा को समृद्ध किया। उनका निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।