
निर्मल त्रिवेणी महाअभियान की टीम ने चलाया अभियान
विश्वविद्यालय मार्ग पर पौधों की देखभाल और सुरक्षा का लिया जिम्मा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में निर्मल त्रिवेणी महाअभियान की टीम ने इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय मार्ग पर पूर्व में लगाए गए पौधों के संरक्षण और रखरखाव का अभियान चलाया। अभियान के संयोजक सूरज देवांगन व सहसंयोजक मंगल सारथी के साथ बीते कई वर्षों से प्रकृति संरक्षण की दिशा में अपनी सेवा देने वाले स्वयंसेवकों ने पौधों को सहारा देने के साथ सुरक्षा जालियों की मरम्मत, आसपास की साफ-सफाई और नियमित देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित की। अभियान के दौरान टीम ने ‘एक पौधा-एक संरक्षक’ का संदेश देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखना भी हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। टीम के अनुसार वर्ष 2026 के वृहद पौधरोपण अभियान की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अभियान में युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। टीम ने संकल्प दोहराया कि जिस पौधे को हम लगाएंगे उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी हम स्वयं उठाएंगे ताकि पौधरोपण के साथ स्थायी रूप से क्षेत्र में हरियाली का विस्तार हो सके।

