
महंगाई के खिलाफ कांग्रेसियों ने दिया धरना
केंद्र की मोदी सरकार पर साधा निशाना
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों और महंगाई के विरोध में रविवार को शहर कांग्रेस कमेटी ने किल्लापारा स्थित सिद्धार्थ पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी और जिला कांग्रेस के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई को लेकर नाराजगी जताई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप के समीप धरना देकर “पेट्रोल सैकड़ा पार जनता पर क्यों अत्याचार” और “डीजल-पेट्रोल के बढ़ते दाम कैसे चले आम इंसान का काम” जैसे नारे लगाए। इस दौरान पुलिस प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झूमाझटकी की स्थिति भी बनी जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अरुण भारद्वाज ने कहा कि पेट्रोल डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी अवधि तक कीमतें नियंत्रित रखी गईं और चुनाव समाप्त होते ही ईंधन के दाम बढ़ा दिए गए। उनका कहना था कि महंगाई का सबसे अधिक असर गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से परिवहन खर्च में वृद्धि हो रही है जिसका असर खाद्य सामग्री सहित रोजमर्रा की जरूरतों पर दिखाई दे रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से तत्काल कीमतों में राहत देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस आगे बड़ा आंदोलन करेगी। प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीलांबर वर्मा, पालिका के नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन, महिला जिलाध्यक्ष आरती महोबिया, कांग्रेस नेता सूर्यकांत यादव, भरत चंद्राकर, अरशद हुसैन, अनुभा चंद्राकर, शेखर दास वैष्णव, पूरन सारथी, महेश यादव, मोहित भांडेकर, किशन रजक, भूपेंद्र वर्मा, सूरज देवांगन, रतन सिंघी, आकाश सिंह, कन्हैया रजक, ईश्वरी वर्मा, राहुल बंजारे, जितेंद्र रजक, रजा लहरे, विनोद सिन्हा और हरी दर्शन ढीमर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।