KCG

खाद संकट पर विधायक हर्षिता स्वामी बघेल का क्षेत्र के समितियों में निरीक्षण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। खरीफ सीजन के बीच खाद एवं बीज की उपलब्धता को लेकर किसानों की बढ़ती चिंताओं के मद्देनजर डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने गुरुवार को खैरागढ़ जिले के बैहाटोला, आमदनी, भरतपुर एवं पांडादाह स्थित सहकारी समितियों (सोसायटियों) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा खाद की कमी को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान किसानों ने विधायक को बताया कि कई सोसायटियों में खाद की पर्याप्त उपलब्धता नहीं होने से उन्हें कृषि कार्यों की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विधायक ने अधिकारियों से व्यवस्था की समीक्षा करते हुए किसानों को समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। विधायक श्रीमती बघेल ने कहा कि किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि खाद और बीज की उपलब्धता में बाधा आती है तो इसका सीधा असर खेती और उत्पादन पर पड़ता है।

उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए वे स्वयं स्थिति का जायजा लेने पहुंची हैं ताकि वास्तविक हालात की जानकारी प्राप्त कर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कई स्थानों पर किसान खाद की कमी और अन्य कृषि संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उनके अनुसार यदि समय रहते पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों की नाराजगी और बढ़ सकती है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों को आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। विधायक ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा संचालित किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उन योजनाओं से किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिला था और कृषि क्षेत्र को मजबूती मिली थी। उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में किसानों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता तेजराम वर्मा, सुरजीत सिंह ठाकुर, कमलेश वर्मा, विभिन्न बूथ अध्यक्ष, कांग्रेस कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page