छत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

पीएम श्री सेजेस गंडई में प्रवेश के लिए 14 मई को निकलेगी लॉटरी

सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस) गंडई में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। कक्षा पहली एवं अन्य कक्षाओं में प्रवेश हेतु 14 मई को सुबह 10 बजे विद्यालय परिसर में लॉटरी निकाली जाएगी। विद्यालय प्रशासन के अनुसार चयन प्रक्रिया शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के तहत पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी। विद्यालय में प्रत्येक कक्षा के लिए 50 सीटें निर्धारित हैं। कक्षा पहली में प्रवेश के लिए 10 अप्रैल से 9 मई तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इस दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए। दस्तावेज सत्यापन के बाद 58 आवेदन पात्र और 7 आवेदन अपात्र पाए गए हैं। पात्र विद्यार्थियों के चयन के लिए लॉटरी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। लॉटरी कार्यक्रम के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) गंडई-छुईखदान जिला शिक्षा अधिकारी केसीजी विकासखंड शिक्षा अधिकारी छुईखदान सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। अधिकारियों की निगरानी में चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी ताकि अभिभावकों को पारदर्शी व्यवस्था का भरोसा मिल सके। विद्यालय प्रबंधन समिति ने पालकों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और पत्रकारों से अधिक संख्या में उपस्थित होकर लॉटरी प्रक्रिया का अवलोकन करने की अपील की है। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि चयनित विद्यार्थियों की सूची लॉटरी के बाद नियमानुसार जारी की जाएगी तथा आगे की प्रवेश संबंधी जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी। विद्यालय के प्राचार्य पवन कुमार ददरया ने सभी अभिभावकों से निर्धारित समय पर उपस्थित रहने और प्रवेश प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया है। पीएम श्री सेजेस गंडई में आधुनिक शिक्षण संसाधन स्मार्ट क्लास और अंग्रेजी माध्यम शिक्षा के कारण हर वर्ष प्रवेश को लेकर अभिभावकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page