
गातापार (जंगल) शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष के व्यवहार और संगठन में पक्षपात का लगाया आरोप
खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक असंतोष के बीच डोंगरगढ़ के बाद अब खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे का मामला सामने आया है। जिले के पांडादाह मंडल अंतर्गत गातापार (जंगल) शक्ति केंद्र से जुड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ.बिसेसर साहू को पत्र सौंपकर पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने की जानकारी दी है। सामूहिक इस्तीफे के लिए दिए गए पत्र में कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष के व्यवहार और संगठनात्मक कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। पत्र में कहा गया है कि वे भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं लेकिन मंडल अध्यक्ष के रूखे व्यवहार एवं पार्टी संगठन की गतिविधियों से उन्हें दूर रखा जाता है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि संगठन में उनके साथ पक्षपात किया जा रहा है और मंडल के गिने-चुने कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता देकर काम कराया जा रहा है।
वनांचल क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप
कार्यकर्ताओं ने पत्र में कहा है कि वे वनांचल क्षेत्र में पार्टी के लिए लगातार काम करते रहे हैं लेकिन उनके साथ कई बार दुर्व्यवहारपूर्ण व्यवहार किया गया। इससे वे व्यथित हैं और इसी कारण भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। पत्र में यह भी कहा गया है कि इन सभी परिस्थितियों से जिला भाजपा अध्यक्ष एवं पदाधिकारी पहले से अवगत हैं। सामूहिक इस्तीफे के पत्र में गणेश पटेल, प्रमोद जंघेल, ओमकार सिंह आतराम, घनश्याम बघेल, तरेन्द्र साहू, गुप्तेश्वर यादव, सूर्यकुमार झा, सुखराम, भागवत, जीतेन्द्र वर्मा और नरोत्तम गोंड सहित कार्यकर्ताओं के नाम एवं हस्ताक्षर दर्ज हैं। इनमें लछना, टेमरी, गाडाघाट, गातापार और नवागांव क्षेत्र से जुड़े बूथ एवं संगठनात्मक पदाधिकारी शामिल हैं। पत्र पर अन्य कार्यकर्ताओं के हस्ताक्षर भी दिखाई दे रहे हैं।
डोंगरगढ़ के बाद खैरागढ़ में भी सामने आया असंतोष
गौरतलब है कि जुलाई-अगस्त 2026 में डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल में भी सामूहिक इस्तीफे का मामला सामने आया था। विभिन्न रिपोर्टों के अनुसार पहले 111 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया था जिसके बाद 26 अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के इस्तीफे की खबरें भी सामने आई थी। ऐसे में अब खैरागढ़ जिले के पंडादाह मंडल से जुड़े कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे ने स्थानीय भाजपा संगठन में भी चर्चा को तेज कर दिया है। हालांकि इस्तीफा देने वाले कार्यकर्ताओं की कुल संख्या और इस्तीफे पर जिला भाजपा संगठन की आधिकारिक प्रतिक्रिया अभी स्पष्ट नहीं है। पार्टी की ओर से इस मामले में आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।