KCG

पीएम गति शक्ति पोर्टल से जुड़ेगा जिले के विकास का पूरा खाका

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में अधोसंरचना विकास कार्यों की बेहतर योजना समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के अंतर्गत शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को योजना की कार्यप्रणाली तथा पोर्टल के उपयोग संबंधी विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है। कार्यशाला में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, डिप्टी कलेक्टर रेणुका रात्रे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी आशीष शर्मा, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक प्रणय बघेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशिक्षण सत्र का संचालन उद्योग संचालनालय रायपुर की उपसंचालक मौसमी राहा तथा कंसल्टेंट आलोक शर्मा और प्रशांत दुबे ने किया है। प्रशिक्षकों ने बताया कि प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना का दायरा अब केवल लॉजिस्टिक्स क्षेत्र तक सीमित नहीं है बल्कि इसका उपयोग विभिन्न विकास एवं अधोसंरचना परियोजनाओं की बेहतर योजना और क्रियान्वयन के लिए किया जा रहा है। पोर्टल के माध्यम से विभागीय सूचनाओं का एकीकरण कर योजनाओं को अधिक प्रभावी और कम लागत में संचालित किया जा सकता है। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्रों के लिए उपयुक्त भूमि चयन वन क्षेत्रों में मोबाइल टावर स्थापना सड़क दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर उपलब्धता तथा नए परिवहन मार्गों के निर्धारण जैसे कार्यों में यह पोर्टल महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यशाला में यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में विभिन्न विभागों की विकास योजनाएं वित्तीय स्वीकृति के लिए पीएम गति शक्ति पोर्टल के माध्यम से ही प्रस्तुत की जाएंगी। अधिकारियों को लॉगिन निर्माण डेटा अपलोडिंग जियो-टैगिंग तथा परियोजनाओं से संबंधित जानकारी अपडेट करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशिक्षकों ने जानकारी दी कि प्रत्येक जिले के लिए जिला मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा तथा योजना के प्रभावी संचालन हेतु कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित की जाएगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने कहा कि योजना की सफलता सटीक डेटा गुणवत्तापूर्ण जियो-टैगिंग और समयबद्ध सूचना अद्यतन पर निर्भर करेगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा जिले से संबंधित महत्वपूर्ण भू-अभिलेखों और अधोसंरचना संबंधी जानकारियों को पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से विकास कार्यों की योजना अधिक वैज्ञानिक पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनेगी जिससे जिले के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page