Uncategorized

होली और रमजान पर्व को लेकर प्रशासन बरत रहा सतर्क

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। आगामी होली पर्व और रमजान माह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से खैरागढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू, टीआई अनिल शर्मा सहित नगर के वरिष्ठ नागरिक एवं पत्रकार मौजूद रहे। चर्चा के दौरान त्योहारों के समय बढ़ने वाली भीड़ और संभावित अव्यवस्थाओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली से पहले बाजारों में यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध जब्ती और चालानी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका को निर्देशित किया गया है कि रंग, गुलाल, पिचकारी और अन्य होली सामग्री की दुकानें सड़क से निर्धारित दूरी पर ही लगाई जाएं। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सड़क सुरक्षा के मद्देनजर दुपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और शराब सेवन कर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। इसके अलावा होली के दौरान मुखौटे पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। ऐसे मुखौटों की बिक्री और उपयोग पर रोक लगाने के लिए नगर पालिका को जब्ती की कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए इस बार होली पर डीजे संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कहीं भी डीजे बजता पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की जाएगी तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि होली और रमजान के अवसर पर आपसी सौहार्द बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग करने वाली गतिविधि से दूर रहें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page