Advertisement
Uncategorized

पारिवारिक रंजिश में जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज छुईखदान। थाना क्षेत्र अंतर्गत पारिवारिक रंजिश के चलते धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को केसीजी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजते हुए उपजेल सलोनी दाखिल कराया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना दिनांक 1 फरवरी 2026 की है। ग्राम अछोली निवासी चंद्रकुमार जंघेल एवं ग्राम पेंड्रावन निवासी यशवंत वर्मा मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एलआर 9718 से ग्राम कोटरा पहुंचे। दोनों आरोपी पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर धुरू राम जंघेल के घर पहुंचे और उसे जान से मारने की नीयत से चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में धुरू राम जंघेल को सिर के पीछे बाईं आंख के ऊपर गले एवं हाथ में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार होने लगे लेकिन सूचना मिलते ही छुईखदान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को पकड़कर थाना लाया। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व धुरू राम जंघेल द्वारा उनके दादा कन्हैया के साथ मारपीट की गई थी उसी पुरानी रंजिश का बदला लेने के उद्देश्य से उन्होंने इस घटना को अंजाम दिया। पीड़ित की पत्नी सकुन बाई जंघेल की रिपोर्ट पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 33/2026 धारा 109 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी चंद्रकुमार जंघेल के कब्जे से चाकू एवं लोहे की टंगली जबकि आरोपी यशवंत वर्मा से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूर्ण कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर उपजेल सलोनी भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page