पर्यावरण संरक्षण के लिए राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 का पोस्टर जारी

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता-2026 (एनएसपीसी) के पोस्टर का विमोचन प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं आबकारी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से प्रतियोगिता में अधिकाधिक भागीदारी कर पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता, जलवायु परिवर्तन, जल संरक्षण तथा स्वच्छ पर्यावरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है। प्रतियोगिता का आयोजन देशभर में ऑनलाइन माध्यम से किया जा रहा है। प्रतियोगिता को पांच श्रेणियों में विभाजित किया गया है, जिनमें कक्षा पहली से पांचवीं, छठवीं से आठवीं, नौवीं से बारहवीं, महाविद्यालय स्तर तथा ओपन श्रेणी शामिल हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का शुल्क निर्धारित नहीं किया गया है। प्रतिभागी मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन प्रतियोगिता में शामिल हो सकते हैं तथा सहभागिता के तुरंत बाद ई-प्रमाण पत्र भी प्राप्त करेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 15 जुलाई से 15 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। आयोजकों ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने की अपील की है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष बिशेसर दास साहू, भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, जिला पंचायत सभापति दिनेश वर्मा, नवनीत जैन, आयश सिंह, कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल, पुलिस अधीक्षक लक्ष्य शर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, आयोजन के सहायक संचालक मनोहर चंदेल, भारत स्काउट एवं गाइड के जिला सचिव कृष्ण कुमार वर्मा, राजेश मेहता, गोरेलाल वर्मा, महेंद्र वर्मा, रामा साहू, भावेश कोचर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version