Uncategorized

गोंदिया से दबोचा गया हत्या के प्रयास का आरोपी, राजनांदगांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई

सत्यमेव न्यूज राजनांदगांव। थाना लालबाग में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए फरार आरोपी को महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया है। वारदात के बाद आरोपी ट्रेन के जरिए जिले से बाहर निकल गया था लेकिन पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसे धर दबोचा। 24 फरवरी 2026 को पेड़री अस्पताल से सूचना मिली कि आदित्य कुमार नामक युवक पर हसिया से हमला किया गया है। हमले में युवक को गंभीर चोटें आईं। सूचना के आधार पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 88/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(2) और 109 के तहत प्रकरण कायम कर जांच प्रारंभ की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर तथा नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और अलेक्जेंडर किरो के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी उदय सिन्हा उर्फ राज (22 वर्ष), निवासी स्टेशन बांकल, थाना लालबाग, घटना के बाद फरार हो गया है। थाना लालबाग, बागनदी, आरपीएफ और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लोकेशन ट्रैकिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और समन्वित कार्रवाई के बाद पुलिस ने उसे महाराष्ट्र के गोंदिया से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गंभीर अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page