नगर पालिका में कांग्रेस पार्षदों के भीतरघात से निकला भाजपा की जीत का रास्ता!

चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के तीन पार्षदों ने थामा भाजपा का दामन
खैरागढ़ नगर पालिका में भीतरघात से कांग्रेस को लगा जोर का झटका

कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेंद्र वर्मा, पार्षदद्वय दिलीप राजपूत और सुमित टांडिया भाजपा में शामिल
नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की गिरजा की जीत सुनिश्चित
संघर्ष के बीच कांग्रेस भी लड़ रही चुनाव, सुमन पटेल को बनाया गया हैं अध्यक्ष प्रत्याशी

सत्यमेव न्यूज़ खैरागढ़. नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए हो रहे चुनाव को लेकर कांग्रेस के तीन पार्षदों ने भीतरघात कर दिया हैं इस बड़े उलटफेर के बाद अब भाजपा की जीत की राह बेहद आसान हो गई है। चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस के तीन निर्वाचित पार्षदों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। भाजपा की इस अप्रत्याशित राजनीतिक सेंध के कारण खैरागढ़ नगर पालिका में अध्यक्ष चुनाव से ठीक पहले भीतरघात ने कांग्रेस खेमे में निराशा बढ़ा दी है। कांग्रेस के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व वार्ड क्र.01 पिपरिया के पार्षद शैलेंद्र वर्मा, वार्ड क्र.03 मोंगरा-गंजीपारा के कांग्रेसी पार्षद दिलीप सिंह राजपूत और वार्ड क्र.04 राज फैमिली के युवा कांग्रेसी पार्षद सुमित टांडिया कांग्रेस से नाता तोड़ भाजपा में शामिल हो गये हैं। 20 पार्षदों की संख्या वाली खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में इस बड़ी राजनीतिक घटना से पहले कांग्रेस और भाजपा के पास 10-10 पार्षद थे लेकिन अब 20 के मुकाबले भाजपा के पास 13 पार्षद हो गए हैं जो पूर्ण बहुमत से दो अधिक है वहीं कांग्रेस में निर्वाचित पार्षदों की संख्या अब महज 7 रह जाएगी। ऐसे में नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भाजपा की अध्यक्ष प्रत्याशी श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर की जीत सुनिश्चित हैं। बावजूद इसके कांग्रेस संघर्ष के लिए तैयार नजर आ रही है समाचार लिखे जाने तक नगर पालिका में राजनीतिक संघर्ष के बीच कांग्रेस भी चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने वार्ड क्र.05 ठाकुरपारा की निर्विवाद पार्षद श्रीमती सुमन दयाराम पटेल को अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया हैं। चुनाव संपन्न कराने भाजपा से प्रदेश भाजपा के महामंत्री रामजी भारती और प्रदेश प्रवक्ता नीलू शर्मा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंप गई है वहीं कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता सुनीलकांत पांडे और नगर पालिका के सबसे अनुभवी कांग्रेस नेता मनराखन देवांगन को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा है। नगर पालिका में नाम निर्देशन की प्रक्रिया के बाद चुनाव पूर्ण कराने प्रक्रिया चल रही हैं।
अभी भी और भीतरघात की संभावनाओं से नहीं किया जा सकता इनकार
खैरागढ़ नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव जारी है। पीठासीन अधिकारी व खैरागढ़ एसडीएम टंकेश्वर प्रसाद साहू चुनाव की प्रक्रिया को संपन्न कर रहे हैं वहीं एसडीओपी लालचंद मोहले सहित टीआई जितेंद्र बंजारे और पुलिस के अन्य अधिकारी पालिका में सुरक्षा के मद्देनज़र तैनात है। खैरागढ़ नगर पालिका में जिस तरह से राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं वर्तमान में बलवती नजर आती है इस बात से अभी इनकार नहीं किया जा सकता की मतदान के दौरान और भी भीतरघात राजनीतिक पार्टियों के पार्षदों की ओर से देखने को मिले, बहरहाल इंतजार नतीजों के साथ आंकड़ों का भी रहेगा।