नकटी के बेघर परिवारों के समर्थन में राजभवन तक पदयात्रा, विधायक हर्षिता बघेल ने उठाई पुनर्वास की मांग

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। नकटी गांव में प्रशासनिक कार्रवाई से प्रभावित बेघर परिवारों के समर्थन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में आयोजित ‘नकटी से राजभवन घेराव पदयात्रा’ में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने भाग लिया। पदयात्रा के दौरान उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों के साथ चलकर उनकी समस्याओं को सरकार और राजभवन तक पहुंचाने की बात कही। राजभवन पहुंचकर विधायक हर्षिता बघेल ने प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और बुनियादी सुविधाओं को लेकर दो प्रमुख मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि बेघर हुए सभी परिवारों को नकटी गांव में ही भूमि आवंटित कर स्थायी आवास उपलब्ध कराया जाए ताकि उन्हें अपने मूल गांव से विस्थापित न होना पड़े। साथ ही प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने और पुनर्वास स्थल पर सड़क नाली बिजली तथा स्वच्छ पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। विधायक हर्षिता बघेल ने कहा कि गरीब परिवारों का आशियाना उजड़ना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने कहा कि जब तक प्रत्येक प्रभावित परिवार को न्याय सम्मानजनक पुनर्वास और मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल जातीं तब तक यह संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी प्रभावित ग्रामीणों के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ेगी। पदयात्रा के समापन पर प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और नकटी के प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की है।