देश-दुनियां में चर्चित हुई कामधेनु चंद्रमणि पहुंची मनोहर गौशाला

चन्द्रमणि के नाम से होगा पशु चिकित्सालय का नामकरण
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. देश-दुनियां में चर्चित हुई कामधेनु चंद्रमणि को मनोहर गौशाला खैरागढ़ लाया गया है। कामधेनु चन्द्रमणि के नाम से यहां निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय का नामकरण भी होगा।
ज्ञात हो कि प्रदेश की राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित मनोहरा कपड़े की दुकान का दरवाजा खोलकर रोजाना पहुंचने वाली चंद्रमणि गौ माता के बारे में तो सभी जानते है। दुकान के गद्दे में जाकर घंटों अपनी बछिया चंद्रपरी के साथ बैठने वाली चंद्रमणि को मनोहर गौशाला खैरागढ़ में लाया गया है। उसकी उचित देखभाव के लिए मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ.अखिल जैन (पदम डाकलिया) ने पहल की है। अब चंद्रमणि गौशाला में सभी सुविधाओं के बीच अन्य गौमाताओं के साथ रहेंगी। विशेष बात यह है यहां निर्माणाधीन पशु चिकित्सालय का नाम भी इन्हीं गौमाता के नाम से रखा जा रहा है, जिसका नाम “चन्द्र मणि गौ चिकित्सा सदन एवं रिसर्च सेन्टर” रखा गया है। माना जा रहा है कि ये विश्व में पहला पशु चिकित्सालय है जिसका नाम एक गौ माता के नाम पर होगा। बता दे कि ‘चंद्रमणि’ की पहचान देश दुनिया तक पहुंच चुकी है। रोजाना खुद से दरवाजे को धक्का मारकर दुकान पहुंचने वाली खबर देश के साथ ही विदेशों में प्रकाशित व प्रसारित हुई। विदेश के लंदन टाइम्स, रशियन टाइम्स, न्यूयार्क टाइम्स के साथ ही देश के नामी चैनल आज तक सहित कई चैनलों में गौ माता की खबर प्रसारित हो चुकी है। करीब 4 सौ मीलियन लोगों ने चंद्रमणि पर बनी खबर को देखा है। इसके अलावा अखबारों में भी खबर प्रकाशित होने के बाद रोजाना बड़ी संख्या में छत्तीसगढ़ सहित दूसरे राज्यों राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र से लोग गौ माता को देखने के लिए पहुंचते रहे। गौमाता की सुरक्षा को देखते हुए उन्हें खैरागढ़ स्थित गौशाला में शिफ्ट किया गया है। यहां भी लोग आकर कामधेनु माता के साथ चंद्रमणि माता के दर्शन का लाभ ले रहे हैं।