
सत्यमेव न्यूज के लिये मनोहर सेन खैरागढ़। कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की देव उठनी एकादशी पर शुक्रवार को खैरागढ़ नगर के बाजारों में दिनभर जबरदस्त रौनक रही। भगवान विष्णु के चतुर्मास के विश्राम के बाद जागरण पर्व पर श्रद्धालु सुबह से ही पूजन सामग्री की खरीदारी में व्यस्त नजर आए।
नगर के मुख्य बाजार ईतवारी, गोल बाजार, और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। गन्ना, तुलसी, दीपक, नारियल, मिठाई, आंवला, हल्दी, कपूर, धूप-बत्ती, सुपारी, केले के पत्ते, वस्त्र, धान, गेहूं, कलश और फूल-माला की दुकानों पर ग्राहकों की लंबी कतारें लगी रहीं। देव उठनी एकादशी पर परंपरागत रूप से तुलसी विवाह का आयोजन होता है। श्रद्धालुओं ने बताया कि इस दिन भगवान विष्णु के जागरण के साथ ही विवाह जैसे सभी शुभ कार्यों की शुरुआत होती है। गन्ना को इस दिन विशेष महत्व दिया जाता है क्योंकि तुलसी विवाह में इसे मंडप की सजावट और पूजन में अनिवार्य माना गया है।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार देव उठनी पर पिछले वर्षों की तुलना में अधिक बिक्री हुई है। खासकर गन्ने, तुलसी और दीपक की मांग सबसे ज्यादा रही।