
मनरेगा कार्यों और फसल प्रदर्शन का कलेक्टर ने लिया जायजा
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। कृषि एवं जल संरक्षण से जुड़े विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में चल रहे मनरेगा कार्यों का प्रशासन द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान इंद्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने विकासखंड खैरागढ़ के ग्राम मडौदा पहुंचकर निर्माणाधीन चेक डेम का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तकनीकी मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। अधिकारियों ने स्थल पर मौजूद ग्रामीण मजदूरों से कार्य प्रगति एवं मजदूरी भुगतान की स्थिति की भी जानकारी ली।
इस दौरान उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी ने बताया कि चेक डेम के निर्माण से क्षेत्र में जल स्तर बढ़ेगा और किसानों को सिंचाई सुविधा में बड़ा लाभ मिलेगा। ग्रामीणों ने भी निर्माण कार्य को लेकर संतोष व्यक्त किया तथा इसे खेती के लिए उपयोगी बताया। इसी क्रम में प्रशासनिक टीम ने ग्राम बघमर्रा में कृषि विभाग द्वारा आयोजित सरसों एवं गेहूं फसल प्रदर्शन का भी निरीक्षण किया। यहां किसानों को दलहन एवं तिलहन फसलों को समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए चिन्हांकित सेवा सहकारी समितियों से जुड़ने की सलाह दी गई। किसानों ने शासन की इस पहल को सकारात्मक बताते हुए सहयोग का भरोसा दिलाया। कलेक्टर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य किसानों की आय बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। जिले में जल संरक्षण और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देकर किसानों को अधिक से अधिक लाभ दिलाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।