
श्रमदान और जनसहयोग से होगा विकास
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। शहर में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में एक नई पहल सामने आई है। कृषि उपज मंडी अमलीपारा परिसर के समीप बर्थ डे पार्क अभियान की शुरुआत समाज सेविका वंदना टांडेकर के जन्म दिवस के अवसर पर की गई। इस आयोजन में जनप्रतिनिधियों सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा नागरिकों की उल्लेखनीय भागीदारी रही जिससे अभियान को व्यापक समर्थन मिला। अभियान से जुड़े सेवाभावी कार्यकर्ता गोविंद सोनी ने बताया कि पार्क को विकसित करने के लिए आगामी दिनों में व्यापक स्तर पर श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसके साथ ही शहरवासियों से मिट्टी दान एवं अन्य प्रकार के सहयोग की अपील की जाएगी ताकि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल पार्क का निर्माण किया जा सके।
उन्होंने नागरिकों से अपने जन्मदिन और अन्य विशेष अवसरों पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश फैलाने का भी आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आम का पौधा रोपकर हरित खैरागढ़ का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष गिरिजा चंद्राकर, पार्षद रूपेंद्र रजक, भाजपा नेता नंद चंद्राकर सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में शामिल सभी लोगों ने बर्थ डे पार्क अभियान को जनसहयोग से सफल बनाने तथा शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने का भरोसा जताया। आयोजकों का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक सहभागिता की प्रेरक मिसाल बनेगी।