देवरी में 13 परिवारों का पक्के मकान में गृह प्रवेश

सत्यमेव न्यूज देवरी। वनांचल ग्राम पंचायत देवरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत नवनिर्मित पक्के आवासों का गृह प्रवेश कार्यक्रम 11 सितंबर को आयोजित किया गया। इस दौरान 13 आवास हितग्राही परिवारों ने अपने नए पक्के मकान में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गृह प्रवेश किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों ने हितग्राहियों के साथ पूजा-अर्चना कर उन्हें नए आवास में प्रवेश कराया। इस अवसर पर सरपंच गंगोत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) ग्रामीण परिवारों के पक्के घर के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और स्थायी आवास उपलब्ध हो रहा है। ग्राम पंचायत सचिव नाजनीन नियाजी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का ग्राम स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन कर पात्र हितग्राहियों तक उसका लाभ पहुंचाना पंचायत की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पंचायत स्तर पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। नवनिर्मित आवास मिलने पर हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लिए शासन के प्रति आभार जताया। साथ ही योजना का लाभ दिलाने में सहयोग के लिए ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में उपसरपंच विनोद वर्मा, सचिव नाजनीन नियाजी, रोजगार सहायक रामसुख कंवर, पंच तेजराम वर्मा, हरलाल केलकर सहित पंचायत के अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। आवास योजना के हितग्राहियों में सुरेश यादव, तोमन वर्मा, मनबहल खैरे, दौव्वा साहू, तीज लाल ध्रुवे, अवध वर्मा, बली राम कंवर, अर्जुन वर्मा, सहस राम यादव, उदय राम वर्मा, राजेश बंजारे, फगुवा राम और अवध राम सिन्हा शामिल हैं।

Exit mobile version