अपराध

दुर्ग में हेरोइन तस्करी का बड़ा खुलासा, अंतरराज्यीय गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार

सत्यमेव न्यूज़ दुर्ग। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खुर्शीपार थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 43.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 8.65 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह का मुख्य सरगना विजय सिंह (26) पंजाब के अमृतसर का निवासी है जो वहां से नशीले पदार्थ लाकर दुर्ग और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर सहयोग करने वाले मीर नौशाद अली और सुरेंद्र क्षत्रिय को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। घटना 29 मार्च की शाम की बताई जा रही है जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि खुर्शीपार के मिनी स्टेडियम परिसर स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक मादक पदार्थों की बिक्री की तैयारी में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्धों की तलाशी ली। इस दौरान उनके पास से हेरोइन के साथ पांच मोबाइल फोन और नगदी भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 8.90 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों और स्थानीय पैडलर्स की तलाश में जुटी हुई है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page