छत्तीसगढ़शिक्षा

12वीं बोर्ड परीक्षा में जिले का गौरव बने छात्र वैभव रत्नाकर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणाम में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के लिए गर्व का क्षण सामने आया जब जिले के गंडई निवासी प्रतिभाशाली छात्र वैभव रत्नाकर ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार सफलता अर्जित कर पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया। स्वामी आत्मानंद स्व.मूरत सिंह खुसरो अंग्रेजी माध्यम शाला गंडई के छात्र वैभव रत्नाकर ने 500 में से 483 अंक प्राप्त करते हुए 96.60 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश की प्रावीण्य सूची में नौवां स्थान हासिल किया है जो कि जिले के लिए बड़ी उपलब्धि है और यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष रही क्योंकि टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले वे जिले के एकमात्र छात्र रहे।
परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर सहित पूरे जिले में हर्ष और उत्साह का वातावरण बन गया। शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने वैभव को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ज्ञात हो कि वैभव रत्नाकर एक सामान्य मध्यम वर्ग परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता व्यास नारायण रत्नाकर शिक्षक हैं जबकि माता शीतला रत्नाकर गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार के संस्कार, सतत मार्गदर्शन और स्वयं की मेहनत के बल पर वैभव ने यह मुकाम हासिल किया। अपनी सफलता पर वैभव ने कहा कि नियमित अध्ययन, समय का सही प्रबंधन, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को दिया। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों ने कहा है कि वैभव की यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत बनेगी। उनका परिणाम यह संदेश देता है कि परिस्थितियां चाहे जैसी हो यदि संकल्प मजबूत हो तो सफलता अवश्य मिलती है।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page