KCG

जालबांधा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। वर्षा ऋतु में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के जालबांधा क्षेत्र में विभिन्न होटल, ढाबों एवं किराना प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण अभियान चलाया। देर शाम शुरू हुई कार्रवाई रात तक जारी रही जिससे क्षेत्र के व्यापारिक प्रतिष्ठानों में हलचल रही। जानकारी अनुसार अभिहित अधिकारी सिद्धार्थ पांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। निरीक्षण के दौरान गुप्ता होटल से मिनी पेड़ा एवं समोसा के दो सर्विलांस नमूने लिए गए जबकि मौके पर मिली कालातीत (एक्सपायरी) कोल्ड ड्रिंक की पांच बोतलों को नष्ट कराया गया। इसी प्रकार सिवरिया किराना स्टोर्स से एबिस रिफाइंड सोयाबीन तेल एवं मधुर शक्कर के दो विधिक नमूने तथा नमकीन और पास्ता के दो सर्विलांस नमूने संकलित किए गए वहीं टीकम ढाबा एवं एग रोल सेंटर से सोया सॉस और ग्रीन चिली सॉस के सर्विलांस नमूने जांच के लिए भेजा गया है। निरीक्षण के दौरान सभी खाद्य व्यवसायियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य अनुज्ञप्ति एवं पंजीयन अद्यतन रखने तथा एक्सपायरी अथवा खराब खाद्य सामग्री का भंडारण एवं विक्रय नहीं करने के निर्देश दिए गए। विभागीय अधिकारियों के अनुसार संकलित नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा जहां उनकी गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण किया जाएगा। जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित व्यवसायियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच को लेकर फूड सेफ्टी ऑफिसर दीपक घृतलहरे ने बताया कि वर्षा ऋतु के दौरान खाद्य जनित बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page