Uncategorized

जलस्रोतों की सफाई में जुटा जिला प्रशासन और श्रमसेवी, श्रमदान से दिया स्वच्छता का संदेश

खैरागढ़। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत ‘सेवा मेरा योगदान एवं स्वच्छता ही सेवा’ गतिविधि में जिले के खैरागढ़, छुईखदान और गंडई क्षेत्र में जलस्रोतों की सफाई की गई। नदी, तालाब, कुंड और घाटों से कचरा, प्लास्टिक, पॉलिथीन, जलीय खरपतवार और जलकुंभी हटाई गई। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, नगरीय निकायों की टीम, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों ने श्रमदान किया।

खैरागढ़ में आमनेर नदी तट स्थित शनि मंदिर के समीप हुए अभियान में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल, वन विभाग के अधिकारी, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर सहित सीएमओ पुनीत वर्मा, टोडर सिंह, गगन शर्मा व जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सफाई की। इस दौरान नदी तट से कचरा और प्लास्टिक हटाकर लोगों को जलस्रोतों में अपशिष्ट नहीं डालने के लिए जागरूक किया गया। श्री पटेल ने जलस्रोतों के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया वहीं पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा नंद चंद्राकर ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों में कचरा व प्लास्टिक नहीं डालने की अपील की।

छुईखदान के बंधाना तालाब में नगर पंचायत की टीम ने जलकुंभी और अन्य अपशिष्ट हटाए। जनपद पंचायत क्षेत्र के नदी, तालाब और कुंडों में भी स्वच्छता गतिविधियां हुई।*गंडई में तालाब-घाट की हुई सार्थक सफाई*गंडई में नगर पंचायत द्वारा तालाब और घाट क्षेत्र की सार्थक सफाई की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष लाल टारकेश्वर शाह खुसरो, मुख्य नगर पालिका अधिकारी अविनाश देवांगन, उप अभियंता विक्रम कपूर, सफाई प्रभारी हुलास साहू, वार्ड पार्षदगण, स्वच्छता दीदियों और सफाई मित्रों ने सहभागिता निभाई। तालाब किनारे से प्लास्टिक, पॉलिथीन, कचरा और जलीय खरपतवार हटाए गए।

जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने बताया कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत 17 अक्टूबर तक विभिन्न वार्डों में स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान में स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने और जलस्रोतों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page