KCG

बाजार अतरिया में पहली बार धूमधाम से मनाया जाएगा सदगुरु कबीर साहब का 628वां प्राकट्य उत्सव

सत्यमेव न्यूज बाजार अतरिया। खैरागढ़ विकासखंड के बाजार अतरिया में इस वर्ष पहली बार सदगुरु कबीर साहब का 628वां प्राकट्य उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। 29 जून 2026 (सोमवार) को आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम का आयोजन सदगुरु कबीर धर्मदास वंशावली मिशन, आमीन माता महिला मंडल, नवयुवक मंडल एवं समस्त क्षेत्रवासियों के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे गुरु महिमा पाठ से होगा इसके पश्चात सुबह 11 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो बाजार अतरिया के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरेगी। शोभायात्रा के दौरान सत्यनाम धुन, भजन-कीर्तन तथा सदगुरु कबीर साहब के मानवता, प्रेम, समानता, भाईचारा, सद्भाव, नशामुक्ति और आदर्श समाज निर्माण के संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि संत कबीर साहब की शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता, सदाचार, आपसी प्रेम और मानव कल्याण के लिए प्रेरणास्रोत हैं इन्हीं मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पहली बार बाजार अतरिया में प्राकट्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भोजन-भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी। आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं, कबीर प्रेमियों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने तथा सदगुरु कबीर साहब के संदेशों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page