छुईखदान में हुआ आरटीओ दस्तावेज शिविर का आयोजन

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग के संयुक्त प्रयास से थाना छुईखदान के सामने एक दिवसीय आरटीओ दस्तावेज अपडेट शिविर का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपने वाहन संबंधी दस्तावेज बनवाए और अपडेट कराए। शिविर के दौरान लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया और दस्तावेज बनवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लर्निंग लाइसेंस बीमा प्रदूषण प्रमाणपत्र और एचएसआरपी नंबर प्लेट से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। आंकड़ों के अनुसार कुल 254 लोग लाभान्वित हुए जिनमें 165 लर्निंग लाइसेंस, 26 बीमा, 37 प्रदूषण प्रमाणपत्र और 26 एचएसआरपी नंबर प्लेट बनाए गए। इस अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया जिसमें उपस्थित लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया। शिविर में पहुंचे लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए दस्तावेज बनवाने में आने वाली कठिनाइयों को भी दूर किया गया। आयोजन के सफल संचालन पर लोगों ने जिला पुलिस एवं परिवहन विभाग का आभार व्यक्त किया। पुलिस विभाग ने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से न केवल लोगों को सुविधा मिलती है बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देने में भी मदद मिलती है।

Exit mobile version