साल्हेवारा कॉलेज में राष्ट्रीय एकता एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस मनाया गया

गंडई-पंडरिया। रानी दुर्गावती शासकीय महाविद्यालय साल्हेवारा में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता दिवस एवं छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। जिला युवा अधिकारी शुभजित डेय के मार्गदर्शन तथा नेशनल यूथ वॉलंटियर शिव कुमार गात्रेकर के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं, प्राध्यापकों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार वल्लभभाई पटेल के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता, सरदार पटेल के जीवन एवं योगदान पर भाषण प्रतियोगिता तथा राष्ट्रीय एकता रैली का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, देशप्रेम और सरदार पटेल के विचारों को चित्रों के जरिए प्रदर्शित किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रभारी नीतू डोगरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। सामाजिक कार्यकर्ता मनोज साहू, डॉ. अखिलेश यादव, राजेंद्र रावत, प्रवीण साहू, भूपेंद्र वर्मा, नंदकिशोर यादव, मानसी वर्मा एवं मिथलेश पटेल ने विद्यार्थियों को सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी। वक्ताओं ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी सद्भाव बनाए रखने का संदेश भी दिया।

↑
Exit mobile version