
शिविर में हर रक्तदाता को मिलेगा हेलमेट
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। गणतंत्र दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकार और जनसुरक्षा का संदेश देते हुए ग्राम ठेलकाडीह में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर अंतरराष्ट्रीय मानव अधिकार सामाजिक न्याय संगठन छत्तीसगढ़ एवं सतनाम ब्लड डोनेशन फाउंडेशन राजनांदगांव के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार 26 जनवरी 2026 को आयोजित होगा। कार्यक्रम का आयोजन गुरु घासीदास सांस्कृतिक भवन ठेलकाडीह में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। आयोजन की विशेष बात यह है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक रक्तदाता को उपहार स्वरूप हेलमेट प्रदान किया जाएगा। आयोजकों का मानना है कि रक्तदान के साथ-साथ दुर्घटनाओं से बचाव भी समाज की बड़ी आवश्यकता है। शिविर के आयोजन में ग्राम पंचायत ठेलकाडीह एवं समस्त ग्रामवासियों का सक्रिय सहयोग रहेगा। आयोजन समिति से जुड़े संजय कुर्रे, लंकेश जंघेल, टिकेश वर्मा और माही जंघेल ने युवाओं सामाजिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों के अनुसार रक्तदान मानव जीवन की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है और यह एक जिम्मेदार नागरिक होने का प्रमाण भी है। शिविर की व्यवस्थाओं और संचालन की जिम्मेदारी आनंद चोपड़ा, रानी राजलक्ष्मी तिवारी सहित पूरी टीम संभाल रही है जो कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निरंतर तैयारी में जुटी हुई है। क्षेत्र के सभी इच्छुक एवं स्वस्थ नागरिक निर्धारित समय पर पहुंचकर इस महादान में सहभागी बन सकते हैं साथ ही रक्तदान के साथ अपनी सड़क सुरक्षा का संकल्प भी ले सकते हैं।
