
अव्यवस्थित पार्किंग और भारी वाहनों की आवाजाही बनी समस्या की बड़ी वजह
सत्यमेव न्यूज गंडई पंडरिया। नगर के मुख्य मैन चौक में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति निर्मित हो गई। दोपहर के व्यस्त समय में चौक के चारों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय गंभीर हो गई जब एक इमरजेंसी एम्बुलेंस सायरन बजाते हुए भी जाम के बीच लंबे समय तक फंसी रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चौक के आसपास अव्यवस्थित पार्किंग और सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण मार्ग संकरा हो गया है। इसके अलावा मुख्य मार्ग होने से भारी मालवाहक वाहनों का लगातार आवागमन भी जाम की बड़ी वजह बन रहा है। व्यस्त समय में यातायात नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं होने से हालात और बिगड़ जाते हैं। जाम में फंसी एम्बुलेंस में गंभीर मरीज होने की जानकारी मिली। सायरन बजने के बावजूद वाहनों को हटाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही थी। बाद में स्थानीय युवाओं और राहगीरों ने प्रयास कर वाहनों को किनारे कराया तब जाकर एम्बुलेंस आगे बढ़ सकी। नगरवासियों का कहना है कि गंडई का मैन चौक अब स्थायी रूप से जाम का केंद्र बनता जा रहा है। यदि समय रहते यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ी दुर्घटना या अप्रिय घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यस्त समय में चौक पर ट्रैफिक पुलिस की स्थायी तैनाती की जाए अवैध पार्किंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो तथा भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग अथवा निर्धारित समय तय किया जाए।

