Advertisement
Untitled design
Untitled design
previous arrow
next arrow
Uncategorized

खैरागढ़ में भाजपा के भव्य जिला कार्यालय का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। बुधवार 13 अगस्त का दिन खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भाजपा के कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक बन गया जब जिले को अपना भव्य भाजपा जिला कार्यालय भवन मिला। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जयघोष और नारों के बीच लोकार्पण करते हुए इसे जिले के राजनीतिक इतिहास का गौरवपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि बारिश और इंद्रदेव के आशीर्वाद के साथ यह शुभ दिन हमेशा याद रखा जाएगा। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत का विश्वास जताते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है जो नीति, सिद्धांत और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चलती है। एक चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री और बगिया में काम करने वाला मुख्यमंत्री बन सकता है यह सिर्फ भाजपा में संभव है।” मुख्यमंत्री ने डिजिटल माध्यमों पर सक्रिय रहकर कांग्रेस की नीतियों का पर्दाफाश करने और भाजपा की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उनके भाषण के दौरान कार्यकर्ताओं ने बार-बार “साय-साय के नारों से स्वागत किया, जिस पर मुस्कुराते हुए उन्होंने कहा- “छत्तीसगढ़ में सब काम साय-साय हो रहा है।”

oplus_0

कार्यक्रम में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह ने सभी को शानदार कार्यालय के लिए बधाई देते हुए कहा कि अब किराये के कार्यालय का दौर खत्म हो गया है अब जीत में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए।
प्रदेश संगठन प्रभारी अजय जामवाल ने इसे “कार्यालय नहीं, हमारा मंदिर” बताते हुए खैरागढ़ विधानसभा सीट जीतने का लक्ष्य रखा और स्वतंत्रता दिवस से पहले हर घर पर तिरंगा फहराने की अपील की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने 1951 में जनसंघ से शुरू हुए भाजपा के ऐतिहासिक सफर को याद किया और खैरागढ़ के जमीनी कार्यकर्ताओं व पूर्व नेताओं के योगदान को विशेष रूप से नमन किया। सांसद संतोष पांडे ने कहा कि जिले के गठन के बाद एक भव्य कार्यालय का निर्माण हुआ है जो सभी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने भाजपा के जमीनी नेताओं को स्मरण करते हुए माणिकलाल गुप्ता, कोमल कोठारी सहित केसीजी के जमीन से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं के योगदान को याद किया। सांसद ने बताया कि शीघ्र ही मानपुर-मोहला में भी जिला भाजपा कार्यालय का निर्माण होगा। उन्होंने कहा, “यह जिला कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि जिले के सभी कार्यकर्ताओं के लिए ‘मंगल भवन’ है, जहाँ से सभी का मंगल होगा।” इस दौरान निवर्तमान जिला भाजपा अध्यक्ष घम्मन साहू ने जानकारी दी कि 45 डिसमिल भूमि जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह द्वारा संगठन को दी गई जिसके कारण इस भव्य कार्यालय का निर्माण संभव हो सका। स्वागत भाषण वर्तमान जिला भाजपा अध्यक्ष बिसेसर साहू ने प्रस्तुत किया जबकि आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संयोजक एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने किया। संचालन घम्मन साहू ने किया। इस अवसर पर मंच पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ.रमन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद संतोष पांडेय, प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन, संगठन प्रभारी अजय जामवाल, संगठन मंत्री पवन साय, उपाध्यक्ष श्री जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, विक्रांत सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page