KCGअपराधछत्तीसगढ़टॉप न्यूज़

जिले के सबसे बड़े गांव मुढ़ीपार में बलवा, बारात के दौरान विवाद ने लिया हिंसक रूप, चार घायल

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। जिले के बड़े ग्रामों में शामिल मुढ़ीपार में एक वैवाहिक समारोह के दौरान उत्पन्न विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मंगलवार देर रात बारात के दौरान दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी देखते ही देखते गंभीर झड़प में बदल गई जिसमें धारदार हथियार के उपयोग से चार लोग घायल हो गए। प्राप्त जानकारी अनुसार ढारा गांव से आई बारात के स्वागत कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर बारातियों और स्थानीय पक्ष के बीच तनाव उत्पन्न हुआ। प्रारंभिक विवाद ने शीघ्र ही उग्र रूप धारण कर लिया और स्थिति बलवा जैसी बन गई जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में राधेलाल वर्मा (24 वर्ष), कमलेश (निवासी ढारा), गुलशन एवं पूनम (दोनों निवासी मुढ़ीपार) शामिल हैं। इनमें से एक की स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय राजनांदगांव रेफर किया गया है जबकि अन्य घायलों का उपचार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में जारी है। घटना गातापार थाना क्षेत्रांतर्गत बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए शांति व्यवस्था बहाल की गई। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार विवाद के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है किन्तु एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों में संयम और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page