खैरागढ़ में धूमधाम से मनाया गया भाजपा का स्थापना दिवस, संगठन विस्तार और गांव चलो अभियान पर दिया गया जोर

कार्यकर्ताओं से अंतिम व्यक्ति तक योजनाएं पहुंचाने किया गया आह्वान
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के जिला कार्यालय में उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात ध्वजारोहण किया गया साथ ही उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगीत गाकर देशभक्ति का संकल्प लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि भाजपा की स्थापना 1980 में राष्ट्र निर्माण के सिद्धांतों के साथ हुई थी, जो आज देश को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन में पद केवल नाम के लिए नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए होना चाहिए।


अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही भाजपा कार्यकर्ताओं का मुख्य दायित्व है। उन्होंने पूर्व कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जिले की घोषणा तो की गई लेकिन विकास के लिए पर्याप्त बजट नहीं दिया गया। वरिष्ठ नेता टीके चंदेल ने संगठन की मजबूती को भाजपा की पहचान बताते हुए कार्यकर्ताओं के अनुशासन और समर्पण को पार्टी की ताकत बताया वहीं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू ने बताया कि राष्ट्रीय निर्देशानुसार 7 से 12 अप्रैल तक ‘गांव चलो अभियान’ चलाया जाएगा जिसके तहत कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनसंपर्क करेंगे। जिलाध्यक्ष डॉ. बिशेषर साहू ने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति को संगठन के प्रति विश्वास का प्रतीक बताया और सभी मंडलों में संगठन को और अधिक सक्रिय करने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में विक्रांत सिंह को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया साथ ही युवा मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आयश सिंह एवं उनकी टीम ने वरिष्ठ नेताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


