
खैरागढ़ से 30 श्रद्धालु श्री राम धाम अयोध्या रवाना
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। छत्तीसगढ़ शासन की रामलला दर्शन योजना के तहत जिले के 30 श्रद्धालुओं का दल बुधवार सुबह अयोध्या धाम के लिए रवाना हुआ। खैरागढ़ से बस द्वारा श्रद्धालुओं को राजनांदगांव भेजा गया जहां से वे विशेष ट्रेन के माध्यम से भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंचेंगे। जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा दल को रवाना किया। यात्रा पर रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि वर्षों से अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने की इच्छा थी जो अब शासन की इस योजना के माध्यम से पूरी होने जा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी जताया। गौरतलब है कि राज्य शासन द्वारा संचालित रामलला दर्शन योजना के माध्यम से प्रदेशभर के श्रद्धालुओं को निःशुल्क अयोध्या धाम की यात्रा कराई जा रही है। योजना के अंतर्गत यात्रियों को आने जाने की सुविधा भोजन, आवास, नाश्ता और मंदिर दर्शन की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध कराई जा रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यात्रा दल के साथ सुरक्षा कर्मियों चिकित्सकीय टीम तथा टूर एस्कॉर्ट की भी व्यवस्था की गई है ताकि पूरी यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इस अवसर पर क्षेत्र के वरिष्ठ समाजसेवी घम्मन साहू, बिसेशर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गिरजा चंद्राकर, जनपद सदस्य शैलेन्द्र मिश्रा, अध्यक्ष प्रतिनिधि डॉ.शैलेन्द्र त्रिपाठी, समाजसेवी विकेश गुप्ता, गोरेलाल वर्मा, शैलेन्द्र वर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीआर वर्मा, मनोज शुक्ला, सुशील ठाकुर, श्री दुबे सहित कई जनप्रतिनिधि अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
