खैरागढ़ जनपद पंचायत में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की एकतरफा जीत

चुनाव में कुछ पुराने दिग्गज नेताओं को मिली हार
महज 6 सीटों पर ही जीत पाये कांग्रेस उम्मीदवार
गोड़वाना ने दिखाया दम, दो सीटों पर मिली जीत
सत्यमेव न्यूज खैरागढ़. जिला पंचायत के साथ ही त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जनपद पंचायत खैरागढ़ में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों की एकतरफा जीत हुई है। खैरागढ़ जनपद पंचायत के 25 सीटों पर हुये चुनाव में भाजपा समर्थित 16 उम्मीदवार जीतकर आये हैं वहीं मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के उम्मीदवार महज 6 सीटों पर ही जीत के साथ सिमट गये। इस चुनाव में वनांचल क्षेत्र में सामाजिक रूप से दमखम दिखाकर आदिवासी समुदाय के गोड़वाना के दो उम्मीदवार भी जीतकर आये हैं जिसमें क्षेत्र क्र.01 भरतपुर से आदिवासी समाज की खेमिन बाई नेताम ने कांग्रेस की अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी धुरबाई कंवर को 261 मतों से पराजित किया है, यहां भाजपा की उम्मीदवार मंजु धुर्वे को मात्र 927 वोट ही मिले। क्षेत्र क्र.03 गातापार जंगल से गोड़वाना के नंदकुमार नेताम कांग्रेस के दिनेश मरकाम को 202 मतों से पराजित किया है, यहां भी भाजपा प्रत्याशी दुरपत राम कंवर मात्र 673 मत ही प्राप्त कर सके।
भाजपा के 16 उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत
जनपद के कुल 25 सीटों के लिये हुये चुनाव में भाजपा समर्थित 16 उम्मीदवार बहुमत के साथ जीतकर आये हैं जिसमें क्षेत्र क्र.02 चिचका से भाजपा की डॉ.राजेश्री शैलेन्द्र त्रिपाठी ने निर्दलीय अमृता कांडे को 685 मतों से पराजित किया है, यहां कांग्रेस प्रत्याशी कल्याणी निषाद 884 मत पाकर तीसरे नंबर पर रही। क्षेत्र क्र.04 बैहाटोला में भाजपा प्रत्याशी महेश्वरी प्रकाश वर्मा ने निर्दलीय नेमबती वर्मा से 181 मतों से विजयी हुई, यहां कांग्रेस की शेषलेसा वर्मा तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.05 मुढ़ीपार से भाजपा के पुरूषोत्तम साहू ने एकतरफा चुनाव में कांग्रेस के भारतभूषण (भीखम) सिन्हा को 2285 मतों से पराजित किया है। क्षेत्र क्र.06 जुरलाकला से भाजपा के गोपाल साहू ने कांग्रेस के घनश्यामदास साहू को सीधे मुकाबले में 498 मतों से पराजित किया है। क्षेत्र क्र.09 चारभाठा से भाजपा के भूपेन्द्र सिंह बघेल ने कांग्रेस के अश्वनी टंडन को 507 मतों से पराजित किया है। क्षेत्र क्र.12 कुलीकसा में भाजपा से बागी किरण मानिकपुरी ने कांग्रेस की द्रोपदी गिरधारी वर्मा को 1579 मतों से पराजित किया है। क्षेत्र क्र.13 अकरजन से भाजपा के शैलेन्द्र देवदत्त मिश्रा ने निर्दलीय विरेन्द्र वर्मा को 1211 मतों से पराजित किया है, यहां कांग्रेस प्रत्याशी श्रीमती शिप्रा सिंह तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.14 पांडादाह से भाजपा की सरस्वती सन्नी यदु ने रोमांचक मुकाबले में कांग्रेस की आरती रिंकु महोबिया को 48 मतों से पराजित किया। यहां भाजपा से बागी सुमित्रा रामेश्वर रामटेके तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.15 झींकादाह से भाजपा की डिलेश्वरी साहू ने निर्दलीय गोदावरी मोहन साहू को 747 मतों से हराया है, यहां कांग्रेस की नगीना वर्मा तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.16 दपका में भाजपा के लखन साहू ने कांग्रेस के रत्नेश रजक को 288 मतों से हराया। क्षेत्र क्र.18 सोनपुरी में भाजपा की लक्ष्मी देवकुमार वर्मा ने भाजपा से बागी मोंगरा स्वरूप वर्मा को 1322 मतों से पराजित किया यहां कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति अनिल श्रीवास्तव तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.19 खजरी में भाजपा के चंदूलाल वर्मा ने कड़े मुकाबले में कांग्रेस के रसीदलाल साहू को महज 25 मतों से पराजित किया। क्षेत्र क्र.21 बाजार अतरिया में भाजपा की दीक्षा पूर्णचंद गुप्ता ने कांग्रेस की अंजनी वर्मा को 1344 मतों से पराजित किया। क्षेत्र क्र.22 जोरातराई में भाजपा की बागी पीला ज्ञानेन्द्र वर्मा ने भाजपा की सुरेखा गणेश वर्मा को 649 मतों से पराजित किया, यहां कांग्रेस की मीरा संतोष वर्मा तीसरे स्थान पर रही। क्षेत्र क्र.24 रेंगाकठेरा से भाजपा के खेमराज जैन ने निर्दलीय डोरेलाल साहू को 106 मतों से पराजित किया, यहां कांग्रेस प्रत्याशी हेमराज वर्मा तीसरे स्थान पर रहे। क्षेत्र क्र.25 पांडुका में भाजपा के कोमल वर्मा ने कांग्रेस के धन्नु वर्मा को 966 मतों से पराजित किया। ज्ञात हो कि भाजपा से बागी होकर चुनाव जीतने वाले प्रत्याशियों ने पुनः भाजपा में प्रवेश किया है।
महज 6 उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर बचाई कांग्रेस की लाज
क्षेत्र क्र.07 भंडारपुर में कांग्रेस की मंजू जयप्रकाश जंघेल ने भाजपा की पूर्व जनपद अध्यक्ष व दिग्गज नेता उमा सिन्हा को 730 मतों से पराजित किया है। क्षेत्र क्र.08 टोलागांव में कांग्रेस की खेमलता साहू ने भाजपा की मीरा वर्मा को 137 मतों से सीधे मुकाबले में पराजित किया है। क्षेत्र क्र.11 विक्रमपुर में कांग्रेस के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आकाशदीप सिंह गोल्डी ने निर्दलीय रूपलाल वर्मा को 779 मतों से हराया है, यहां भाजपा के डोमन वर्मा तीसरे स्थान पर रहे। क्षेत्र क्र.17 टेकापार कला से कांग्रेस की युवा नेत्री हेमकल्याणी तोड़े ने भाजपा की जागेश्वरी कोसरे को 515 मतों से मात दी है। क्षेत्र क्र.20 राहुद में कांग्रेस की निर्मला उमेश वर्मा ने सीधे मुकाबले में भाजपा की रजनी महेन्द्र निषाद को 1562 मतों के बड़े अंतराल से हराया है। क्षेत्र क्र.23 शेरगढ़ में कांग्रेस के भूखनलाल बंजारे ने भाजपा के बसंत कुमार टंडन को 615 मतों से पराजित किया है वहीं क्षेत्र क्र.10 सिंगारपुर में बसपा समर्थित श्रीमती मंजू चतुर्वेदी ने लगातार दूसरी बार चुनाव में जीत हासिल की है। मंजू ने भाजपा की सविता जांगड़े को 161 मतों से पराजित किया है।