खैरागढ़ की हाई प्रोफाइल सीट के पार्षद सुमित टांडिया को दुबारा मिली सभापति की बड़ी जिम्मेदारी

सत्यमेव न्यूज के लिए मनोहर सेन खैरागढ़। नगर पालिका की प्रेसिडेंट इन कॉन्सिल पीआईसी के हालिया पुनर्गठन में खैरागढ़ की हाई प्रोफाइल सीट वार्ड क्रमांक 4 के पार्षद सुमित टांडिया को एक बार फिर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें खाद्य नागरिक आपूर्ति, पुनर्वास एवं नियोजन विभाग का नया सभापति नियुक्त किया गया है। सुमित टांडिया पहले भी नगर की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं, लेकिन इस बार नगर पालिका अध्यक्ष ने उन्हें खाद्य नागरिक आपूर्ति जैसे अहम विभाग की जिम्मेदारी देकर उनका राजनीतिक कद और बढ़ा दिया है। उनके समर्थकों में इस नियुक्ति को लेकर खुशी की लहर है। खैरागढ़ का वार्ड क्रमांक 4 नगर की राजनीति में हाई प्रोफाइल सीट मानी जाती है। इस वार्ड से चुने गए सुमित टांडिया की सक्रियता और उनकी जनसम्पर्क शैली ने उन्हें नगर की राजनीति में अलग पहचान दिलाई है। अब महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी मिलने के बाद नगरवासियों की उम्मीदें भी उनसे बढ़ गई हैं।
राजनीतिक चर्चाओं में गर्माहट
पीआईसी में हुए इस अप्रत्याशित बदलाव ने नगर की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। सुमित टांडिया के सभापति बनने को संगठनात्मक समीकरणों और अध्यक्ष के भरोसे का परिणाम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम आने वाले दिनों में खैरागढ़ की सियासत को और दिलचस्प बना देगा।