KCG

आवास निर्माण में तेजी लाने प्रशासनिक अमले को कलेक्टर ने दिया जोर

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने अधिकारियों और तकनीकी सहायकों को आवास निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए समय-सीमा के भीतर अधिक से अधिक आवास पूर्ण कराए जाएं। समीक्षा बैठक में तकनीकी सहायकों से पिछले सप्ताह की प्रगति का बिंदुवार ब्यौरा लिया गया। प्रत्येक क्षेत्र में निर्माणाधीन आवासों की स्थिति पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने कार्यों में अपेक्षित गति लाने और गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को जल्द से जल्द आवास का लाभ मिलना शासन की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान ग्रामीण विकास योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने वीबीजीआरएएमजी (VBGRAMG) के तहत ग्राम पंचायतों में स्वीकृत सभी कार्यों को तत्काल प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी स्वीकृत कार्यों के लिए दो दिनों के भीतर शत-प्रतिशत मस्टर रोल जारी किए जाएं ताकि ग्रामीणों को समय पर रोजगार मिल सके और विकास कार्यों में गति आए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि मैदानी अमला लंबित आवासों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने हितग्राहियों से नियमित संपर्क बनाए रखने निर्माण सामग्री और श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने आवास निर्माण रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास से जुड़े सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने को कहा है।

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page