Uncategorized

1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक से शिवमय हुआ खैरागढ़

सत्यमेव न्यूज खैरागढ़। संगीत नगरी खैरागढ़ में शनिवार को आयोजित 1008 पार्थिव शिवलिंगों के महारुद्राभिषेक ने धार्मिक आस्था, अनुशासन और सांस्कृतिक समन्वय का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। खैरागढ़ के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में हुए इस भव्य धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की भावमयी सहभागिता ने संगीत नगरी को शिवमय बना दिया। ज्ञात हो कि खैरागढ़ नगर शनिवार की संध्या एक विराट आध्यात्मिक आयोजन का साक्षी बना जब ऐतिहासिक फतेह मैदान में 1008 पार्थिव शिवलिंगों का सामूहिक महारुद्राभिषेक विधिविधान के साथ संपन्न हुआ। श्री राम गौ सेवा समिति, जय जगन्नाथ सेवा समिति, राजपरिवार दुर्गाउत्सव समिति एवं गोपीनाथ मंदिर समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार एवं शिव तांडव स्तोत्र के पाठ के साथ हुई। छुईखदान क्षेत्र के कुशल कारीगरों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंगों का जल, दूध, बेलपत्र एवं अन्य पूजन सामग्री से विधिवत अभिषेक किया गया। आयोजन स्थल को विशेष सजावट के माध्यम से भव्य मंदिर का स्वरूप दिया गया था जहां स्थापित आदियोगी (भगवान शिव) की विशाल प्रतिमा एवं सुसज्जित राधा-कृष्ण प्रतिमाएं पूरे समय श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।

पूरे आयोजन के दौरान ‘हर-हर महादेव’ और ‘ऊँ नमः शिवाय’ के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात समिति की ओर से विशाल भोज भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति से जुड़े कमलेश रंगलानी ने बताया कि यह आयोजन लगातार छठे वर्ष आयोजित किया जा रहा है तथा प्रत्येक वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या और आयोजन की भव्यता में निरंतर वृद्धि हो रही है। सांस्कृतिक चरण में खैरागढ़ के प्रसिद्ध गायक विभाष पाठक एवं उनके साथियों द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया जबकि समापन अवसर पर हुई आकर्षक आतिशबाजी ने कार्यक्रम को उत्सवमय स्वरूप प्रदान किया। आयोजन समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले श्रद्धालुओं, स्वयंसेवकों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Satyamev News

आम लोगों की खास आवाज

Related Articles

Back to top button

You cannot copy content of this page